गंगा में गिर रहे दूषित नालों की रोकथाम के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट योजना को जल्द चालू कराने का दावा अफसरों ने किया है। ब्रजघाट में हरिद्वार की तर्ज पर हो रही आरती में सोमवार रात को एसडीएम आरएन पांडेय ने भाग लिया।
उसके बाद आरती समिति अध्यक्ष अशोक नागर, संरक्षक नरेश शर्मा, गंगा सेवा समिति अध्यक्ष विनय मिश्रा ने गंगा में गिर रहे दूषित नालों पर सख्ती के साथ रोक लगवाए जाने की मांग रखी।
एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि गंगा में गिर रहे दूषित नालों पर बहुत जल्द प्रभावी ढंग में रोक लगवाई जाएगी, जिसके तहत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट योजना को भी बहुत जल्द चालू कराया जाएगा।
नमामि गंगे समिति ने पूठ गंगा में डेयरी प्लांट का गंदा पानी डाले जाने पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। गढ़ के पंचायती मंदिर में मंगलवार को नमामि गंगे के जिला संयोजक अशोक शर्मा के नेतृत्व में 17 गांवों के पदाधिकारी एकत्र हुए।
उन्होंने पूठ गंगा में गिर रहे डेयरी प्लांट के गंदे पानी को रोके जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। अशोक शर्मा ने बताया कि एक ओर केंद्र सरकार गंगा की स्वच्छता के लिए अभियान चला रही है, लेकिन क्षेत्र में शौचालय निर्माण का कार्य भी ठीक से नहीं हो पा रहा है।
वहीं गंगा में अभी भी दूध प्लांट और मिलों का गंदा केमिकल युक्त पानी डाला जा रहा है। उन्होंने तहसील प्रशासन से गंगा में उाले जा रहे नालों को अविलंब बंद कराने और शौचालय निर्माण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने गंगा किनारे स्थित सभी गांवों में कंपोस्ट खाद की व्यवस्था कराने की भी मांग की है। यदि जल्द ही इस ओर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो नमामि गंगे समिति तहसील मुख्यालय का घेराव कर आंदोलन को मजबूर होगी।
विरोध प्रदर्शन में धर्मेंद्र प्रधान, नरेंद्र तोमर, मान सिंह, रोहित मल्होत्रा, उमेश चंद, कालीचरण, जयकिशन, ओमप्रकाश, सतनाम यादव, आदेश शर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।