गांव खागोई में बंद पड़ा पुलिया का निर्माण। संवाद
सिंभावली। गांव खागोई में दस से अधिक गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पुलिया का निर्माण कार्य पिछले करीब एक माह से अधर में लटका हुआ है। निर्माण कार्य बंद होने के कारण बारिश के मौसम में ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अधूरी सड़क और बड़े नाले के किनारे फैली चिकनी मिट्टी के कारण आए दिन बाइक और कार फिसल रही हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीण मनोज चौधरी का कहना है कि पुलिया का निर्माण शुरू होने के बाद ठेकेदार ने कार्य बीच में ही छोड़ दिया। लगातार हो रही बारिश से निर्माण स्थल की स्थिति और अधिक खराब हो गई है। सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक परेशानी झेल रहे हैं। कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं कराया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस रास्ते पर कई बार अनियंत्रित होकर वाहन भी पलट चुके हैं।
राहगीरों ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि जल्द निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो बारिश के दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता है। गांव खागोई का यह मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
इसी रास्ते से बहादुरगढ़ क्षेत्र के अलावा खेड़ा, हरौड़ा, रझैटी सहित करीब दस गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। स्कूली बच्चे, किसान, व्यापारी और मरीज भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा होने से सभी को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
मामले में एसडीएम श्रीराम यादव का कहना है कि जांच कराकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर जल्द समाधान कराया जाएगा, साथ ही उच्चाधिकारियों को भी अधूरे कार्य के बारे में अवगत कराया जाएगा।