बदनौली मामले में एसडीएम को ज्ञापन देते कांग्रेसी। संवाद
हापुड़। बदनौली में दो पक्षों के विवाद में गोली लगने से घायल दीपक कुमार की उपचार के दौरान मौत के मामले में कांग्रेसियों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई है। पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर, परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि दो पक्षों के बीच विवाद में युवक की मौत से पीड़ित परिवार में शोक का माहौल है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने के लिए ग्राम बदनौली जा रहा था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को गांव जाने की अनुमति नहीं दी।
इस तरह प्रतिनिधिमंडल को रोका जाना ठीक नहीं है। हम सभी पीड़ित परिवार को सांत्वना देने जा रहे थे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष इरफान अहमद ने सवाल उठाया कि कांग्रेस नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति क्यों नहीं दी गई।
ज्ञापन देने वालों में पूर्व विधायक गजराज सिंह, विशाल वशिष्ठ, विनीत त्यागी, वीर सिंह जाटव, सैय्यद अयाजुद्दीन, रश्मि चौधरी, रामप्रसाद जाटव, वीसी शर्मा मौजूद रहे।