बाबूगढ़ छावनी में बछलौता रोड पर पब्लिक स्कूल के पास शराब का ठेका खोलने के विरोध में ग्रामीणों ने हंगामा किया। लोगों का कहना है कि शराब का ठेका बंद नहीं किया गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
वहीं, नली हुसैनपुर गांव की महिलाओं ने मंगलवार को तहसील दिवस में गांव के रास्ते पर स्थित शराब के ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर डीएम से शिकायत की। डीएम ने महिलाओं को कार्रवाई का भरोसा दिया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हाईवे से ठेके को हटाकर शराब के दुकान गांवों में शिफ्ट हो रहे है। इन ठेकों को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा बढ़ रहा है। मंगलवार को बछलौता रोड पर खुले शराब के ठेके का मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया।
लोगों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि यह ठेका आबादी के बीच खोला जा रहा है। जिससे युवाओं पर इसका गलत प्रभाव पड़ेगा। इसके अलावा ठेके के पास ही पब्लिक स्कूल है। ऐसे में नियम विरुद्ध खोले जा रहे इस ठेके को तुरंत बंद नहीं कराया गया तो लोग उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन करने वालों में ब्रिजेश, शिवराज, राजीव, जितेंद्र, पिंकू, रिऋभ, टिंकू, ओमवती, क्रांति, रानी, कांता, सावत्री, माया, राकेश, शीला शामिल थे। एसडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। ठेका नियमविरुद्ध हुआ तो उसे बंद कराया जाएगा।
वहीं, बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव नली हुसैनपुर निवासी राधा, गीता, गुड्डन, राजकुमारी, चंचल, हेमलता, ममता, रेखा, दीपा, रेशमा, ज्योति, अंशू ने तहसील दिवस में डीएम से शिकायत करते हुए कहा कि गांव के बाहर रास्ते में ही शराब का ठेका है,
जहां शराबी आने जाने वाली महिलाओं को परेशान करते हैं। ऐसे में शराब के ठेके को यहां से शिफ्ट कराया जाए। डीएम ने महिलाओं की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।