सिंभावली। आरएसके इंटर कॉलेज के छात्रों से अवैध वसूली करने और बिना किसी कारण सजा देने के मामले में डीआईओएस ने जांच के लिए दो सदस्य समिति का गठन किया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक नितिन ने डीएम प्रेरणा शर्मा को शिकायती पत्र दिया था। जिसमें कॉलेज प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य पर छात्रों से गलत ढंग से वसूली करने का आरोप लगाया था। इसके अलावा कर्मचारियों पर शुल्क समेत अन्य मामले में अधिक रकम लेकर कम पैसों की रसीद देने का भी आरोप लगाया गया। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए एडीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए। जिसके बाद डीआईओएस ने जांच के लिए गांव शेरपुर के राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास कुमार और राजकीय इंटर कॉलेज सिखैड़ा के प्रधानाचार्य मोहित वशिष्ठ की समिति का गठन किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीन उपाध्याय ने समिति को एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट प्रेषित करने का निर्देश दिया है।