हापुड़। क्षेत्र में कोहरे और शीतलहर का प्रकोप लगातार बना हुआ है। मंगलवार सुबह घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता कम रही। इससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, शीतलहर के कारण ठंड लोगों की कंपकंपी छूट गई। जिले में मंगलवार को भी न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी कोहरे के साथ ही शीतलहर का प्रकोप रहेगा।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर जिले में भी पड़ रहा है। बर्फीली हवा चलने से गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। मंगलवार सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। शहर से लेकर देहात तक कोहरे की चादर छाई रही। इस कारण दृश्यता कम होने से हाईवे पर वाहन चालकों को परेशानी हुई। वहीं, रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। दस बजे के बाद हवा की रफ्तार बढ़ने से कोहरा छंटना शुरू हुआ। इसके बाद धूप निकल आई, लेकिन दस किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवा ने दोपहिया वाहन चालकों को परेशान किया। शाम ढलने के बाद शीतलहर और गलन ने फिर से ठिठुरन बढ़ा दी। अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ अशोक कुमार का कहना है कि बुधवार को भी कोहरा छाए रहने के साथ ही शीतलहर का अनुमान है। इसके बाद तापमान में एक या दो डिग्री की बढ़त देखने को मिल सकती है।