हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत बनखंडा पेट्रोल पंप के पास सोमवार की रात बाइक सवार दो बदमाश एक युवक से ई-स्कूटी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला बुलंदशहर थाना बीबीनगर के गांव कटक निवासी बिजेंद्र ने बताया कि वह सोमवार की रात ई-स्कूटी से वापस घर लौट रहा था। कुचेसर चौपले से वह जैसे ही बनखंडा पेट्रोल पंप पर पहुंचा तो पीछे से आ रहे दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया।
इसके बाद बदमाशों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसे डराया धमकाया और उसकी ई-स्कूटी को लूट लिया। इसके बाद दोनों बदमाश शोर मचाने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। राहगीरों को रोककर उसने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद वह थाने पहुंचा और पुलिस को लूट की सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने बदमाशों की आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि लूट की धारा में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज को खंगाला जा रहा है। बदमाशों के हुलिये के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।