पिलखुवा के एकमात्र सीएनजी पंप पर सीएनजी लेने के लिए शनिवार को मारामारी रही। ऐसे में ग्राहकों को घंटों कतार में लगकर परेशानी हुई। पंप पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला होने के कारण ग्राहकों को और परेशानी झेलनी पड़ रही है।
नेशनल हाईवे पर पिलखुवा में एकमात्र सीएनजी पंप है। यहां सीएनजी लेने के लिए रोज ग्राहकों को लंबी कतार में लगना पड़ता है। शनिवार को एकबार फिर पंप पर सीएनजी लेने के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ गई।
इस दौरान ग्राहकों की लंबी कतार लग गई, जो हाईवे तक पहुंच गई। पेट्रोल पंप के कर्मियों ने अपने खास लोगों को साइड से सीएनजी दी तो अव्यवस्थाएं बढ़ गईं।
ग्राहक दीपक और मोहित ने बताया कि वैसे ही एकमात्र सीएनजी पंप है। ऊपर से कर्मचारी साइड से अपने खास लोगों को सीएनजी से लेकर अव्यवस्था फैला देते हैं, जो गलत है।
उधर, पेट्रोल पंप के मैनेजर जितेंद्र चौहान ने बताया कि पंप पर सीएनजी लेने के लिए ग्राहकों को कोई परेशानी नहीं हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाता है। किसी भी ग्राहक को साइड से सीएनजी नहीं दी जाती।