सीएम योगी के अधिकारियों को सुबह नौ बजे से कार्यालय में बैठने के आदेश का सत्यापन करने के लिए डीएम ने शुक्रवार को सभी एसडीएम को औचक निरीक्षण के निर्देश दिए। इस दौरान करीब 30 अधिकारी अनुपस्थित मिले।
डीएम ने इनसे तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। उचित जवाब न मिलने पर इन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शासन द्वारा जिले के आला अधिकारियों को सुबह नौ से 11 बजे तक कार्यालय में उपस्थित होने के आदेश हैं।
साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को भी इन आदेशों का अनुपालन करना था। बावजूद इसके अधिकारी इन आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को डीएम कृष्णा करुणेश ने जिले के सभी उप जिलाधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण के आदेश दिए।
आदेशों के अनुपालन में सुबह नौ बजे अधिकारियों ने विद्युत कारपोरेशन, परिवहन विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सहकारी समिति, डायट, जिला सेवा योजन कार्यालय, जिला आबकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला ग्रामोद्योग आदि कार्यालयों का निरीक्षण किया।
एसडीएम हापुड़ अजय कुमार श्रीवास्तव के निरीक्षण में पावर कारपोरेशन के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार, अधिशासी अभियंता मीटर टेस्ट पीके सिंह, एआरटीओ प्रणव झा अनुपस्थित मिले।
एसडीएम राकेश कुमार के निरीक्षण में नगर पालिका के कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी व तहसील में न्यायिक तहसीलदार रेणुका दीक्षित अनुपस्थित मिलीं। एसडीएम ज्योति राय के निरीक्षण में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी राकेश गुप्ता,
कोआपरेटिव सहकारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह, सहायक विकास अधिकारी अनिल कर्णवाल, सहायक पर्यवेक्षक राजपाल सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी रजत राम, जिला गन्ना अधिकारी नमिता कश्यप, जिला सेवा योजन अधिकारी वंदना सिंह,
जिला आबकारी अधिकारी राजेश शर्मा, निरीक्षक हरिओम सिंह, प्रणव वल्लव लवानिया, पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता सदनलाल गुुप्ता, कृषि उत्पादन मंडी सचिव हर विलास यादव, मंडी निरीक्षक वीर सिंह,
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार, डॉ. चालू लता वर्मा व डॉ. पुष्पेंद्र अनुपस्थित मिले। एसडीएम ज्योत्सना बंधु के निरीक्षण में एआर कोआपरेटिव वीरेंद्र प्रकाश, कृषि निदेशक एएन मिश्र व जिला कृषि अधिकारी शिव कुमार अनुपस्थित रहे।
उधर, सीडीओ दीपा रंजन ने शुक्रवार को डायट परिसर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बीएसए देवेंद्र गुप्ता भी उनके साथ थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं की पढ़ाई से लेकर रहने, खाने के बारे में जानकारी की।
सीडीओ दीपा रंजन ने बच्चों को एकांत में ले जाकर उनसे खाने की गुणवत्ता और मेन्यू के बारे में जानकारी ली। सीडीओ ने बताया कि विद्यालय का भवन जर्जर, फर्श व विद्यालय के बाहर की स्थिति ठीक नहीं है।
बच्चों के आराम के लिए लगाए गए बेड की स्थिति भी ठीक नहीं है। वार्डन द्वारा आगंतुक रजिस्टर में बच्चों का विवरण अंकित नहीं किया गया था। इसे लेकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सभी कमियों को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए।