रोडवेज की बसों में नियमित ड्यूटी करने वाले संविदा चालक/परिचालकों पर परिवहन निगम मेहरबान हो गया है। लगातार छह माह या एक वर्ष तक प्रति माह 22 दिन ड्यूटी करने वाले कर्मियों को 1500 रुपये से तीन हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलेगा।
मुख्यालय के इस आदेश को स्थानीय डिपो की बसों में लागू कर दिया गया है। हापुड़ डिपो से विभिन्न मार्गों पर 110 बसों का संचालन होता है। इन बसों को चलाने के लिए करीब 300 संविदा चालक/परिचालक तैनात हैं।
ईमानदारी से नियमित ड्यूटी करने वाले संविदा कर्मियों को परिवहन निगम की ओर से प्रोत्साहन राशि का तोहफा दिया गया है। मुख्यालय की नई गाइडलाइन में यदि संविदा चालक/परिचालक छह महीने तक प्रति माह 22 दिन ड्यूटी करता है तो 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जायेगी।
अब से पूर्व यह राशि महज 500 रुपये थी। वहीं एक वर्ष तक प्रति महीना 22 दिन ड्यूटी करने वाले कर्मियों को तीन हजार रुपये प्रोत्साहन राशि का लाभ दिया जाएगा।
बता दें कि संविदा कर्मी प्रति माह 22 दिन ड्यूटी व पांच हजार किलोमीटर बस चलाकर भी तीन हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि का लाभ उठा सके हैं। मुख्यालय के इस आदेश को डिपो की बसों में लागू कर दिया है। इससे संविदा चालक/परिचालकों में खुशी का माहौल है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक धीरज सिंह पवार का कहना है कि मुख्यालय के आदेश को डिपो की बसों में लागू कर दिया गया है। ईमानदारी से नियमित ड्यूटी करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहन राशि का लाभ दिलाया जायेगा।