शहर में जल्द ही 2.15 करोड़ रुपये की लागत से शहर की तीन दर्जन सड़कों का निर्माण होगा। इसके लिए पालिका ने टेंडर निकाल दिए है, जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
पालिका के सहायक अभियंता सुशील कुमार सक्सेना ने बताया कि फायर स्टेशन के पिछली गली में सड़क नाली निर्माण, बुलंदशहर रोड पेट्रोल पंप के बराबर में पंजाबियों वाली गली का निर्माण, असौड़ा रोड पर टैगोर स्कूल के निकट गली का निर्माण,
कोठी गेट पर शिवमंदिर के बराबर वाली सड़क, नवी करीम में सड़क निर्माण, भगवती गंज में मुख्य रोड का हॉटमिक्स से निर्माण, काजीवाड़ा, अयोध्यापुरी, सत्तीवाड़ा, शगुन विहार, शिवनगर, मेरठ रोड स्थित संजय विहार आवास विकास कालोनी में सड़क निर्माण कराया जाएगा।
इसके लिए पालिका की ओर से टेंडर निकाल दिए गए हैं। सभी औपचारिकता पूरी करने के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के अन्य मोहल्लों में जहां जर्जर हालत में सड़क पड़ी है उनका सर्वे कराया गया है। जल्द ही वहां के भी टेंडर निकाले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पूर्व में चल रहे निर्माण कार्यों के संबंध में सभी ठेकेदारों को निर्देशित किया गया है कि वह बारिश से पहले अपना-अपना निर्माण कार्य पूरा करा लें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पालिका के निर्माण विभाग के अवर अभियंताओं को भी निर्देशित किया गया है कि तेजी से कार्य कराया जाए।