हापुड़। नगर कोतवाली के सामने अस्पताल में तीन माह की बच्ची की मौत हो गई। इस दौरान परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत किया। मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं की गई है।
गढ़ रोड स्थित मोहल्ला निवासी तीन माह की बच्ची बीमार थी। बताया जा रहा है कि परिजन बच्ची को लेकर मंगलवार को कोतवाली के सामने एक अस्पताल में उपचार के लिए लाए थे। उपचार कराने के बाद परिजन बच्ची को लेकर चले गए थे। बुधवार की सुबह परिजन दोबारा बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। यहां बच्ची की मौत हो गई। इस दौरान चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
परिजनों का कहना था कि उनकी बच्ची की मौत चिकित्सकों की लापरवाही से हुई है। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किसी तरह पुलिस ने परिजनों को समझाते हुए मामला शांत कराया और उन्हें घर भेज दिया। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि इस संबंध पीड़ित पक्ष ने कोई शिकायत नहीं की है।