देहात क्षेत्र में स्वयं को स्वास्थ्य विभाग से अधिकृत बताकर गलत दवा बेचने वालों गिरोह सक्रिय है। चिकनगुनिया और बुखार के बाद लोग जोड़ों के दर्द से परेशान हैं, ऐसे में यह गिरोह लोगों को दर्द की दवा के नाम पर गुमराह कर रहा है।
शुक्रवार को नवादा गांव में गिरोह ने ग्रामीणों को गुमराह करने की कोशिश की, इस दौरान स्वास्थ्य विभाग ने सूचना पर छापा मारा तो गिरोह के सदस्य भाग गए। सीएमओ ने ग्रामीणों को ठगों के झांसे में नहीं आने की अपील की है।
बता दें कि जिले में चिकनगुनिया और बुखार का जबरदस्त प्रकोप चला था। बुख्खर के बाद अभी तक लोग जोड़ों के दर्द से कराह रहे हैं। इस दौरान देहात क्षेत्र में गलत दवाई बेचने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है।
गिरोह के सदस्य स्वयं को स्वास्थ्य विभाग से अधिकृत बताते हैं। शुक्रवार को गांव नवादा में इस गिरोह ने लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी कर दी। गिरोह के सदस्य भागने में कामयाब रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिलने पर डिप्टी सीएमओ डॉ. राकेश अनुरागी के नेतृत्व में टीम को नवादा भेजा गया था। गिरोह के सदस्य भाग गए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि चिकित्सक के परामर्श के बिना किसी अज्ञात से दवा नहीं खरीदें।