हापुड़। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के जरिये बच्चों का भविष्य सुधारा जाएगा। योजना के तहत माता-पिता में किसी एक या दोनों की मृत्यु होने पर पढ़ाई के लिए मदद दी जाएगी। योजना के तहत बच्चों को प्रतिमाह 2500 रुपये मिलेंगे। जिले में अब तक 1565 बच्चों का योजना में चयन किया गया है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी स्मिता सिंह ने बताया कि योजना के तहत माता-पिता में किसी एक की मृत्यु या दोनों की मृत्यु एक मार्च 2020 से अब तक किसी भी कारण से हुई है तो उन्हें पढ़ाई में मदद के लिए योजना से लाभांवित किया जाएगा। योजना के अंतर्गत 2500 रुपये प्रति माह प्रति बालक व बालिका को मिलेंगे। इसमें भी जिसकी आयु 23 वर्ष से कम/स्नातक से पहले होने पर ही योजना का लाभ मिलेगा। योजना के लिए आवेदन पत्र नजदीकी जन सुविधा केंद्र आदि से भरकर अपलोड किया जा सकता है।
मामले में सीडीओ हिमांशु गौतम का कहना है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर गांवों व निकाय क्षेत्रों में लगातार सर्वे चल रहा है। योजना में अधिक से अधिक बच्चों को लाभ देने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।