हापुड़-समाना मार्ग से जुड़े दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें आने-जाने के लिए घंटों गांव के बाहर नहीं खड़ा होना पड़ेगा। हापुड़ डिपो ने इस मार्ग पर लोहिया ग्रामीण बस सेवा शुरू कर इन ग्रामीणों को राहत दी है। साथ ही इन बसों में किराए में 25 फीसदी छूट भी मिलेगी।
पहले समाना मार्ग पर बसों का संचालन नहीं हो रहा था। ऐसे में चितौली, उबारपुर, भटियाना, नान, फगौता, मिलक, काफूरपुर, डोमा टिकली, समाना के ग्रामीणों को अपने वाहन से यात्रा करनी पड़ती थी। जिनके पास वाहन नहीं थे उन्हेें बड़ी परेशानी होती थी। जबकि इस मार्ग पर रोज हजारों ग्रामीण हापुड़ आदि तक का सफर तय करते हैं।
ग्रामीणों की परेशानी को देख एआरएम ने बीते दिनों मार्ग का निरीक्षण किया था। इसके बाद उन्होंने इस मार्ग पर लोहिया ग्रामीण बस सेवा शुरू करने की इजाजत दे दी। ग्रामीण किराए में 25 फीसदी छूट पर हापुड़ डिपो की बसों में सफर कर सकेंगे। ऐसे में ग्रामीणों को सवारी के इंतजार में होने वाली परेशानी से राहत मिल गई है।
-ये रहेंगी किराए की दरें-
कहां से कहां तक दरें
हापुड़ चितौली 06 रुपये
हापुड़ उबारपुर 07 रुपये
हापुड़ भटियाना 09 रुपये
हापुड़ नान 10 रुपये
हापुड़ फगौता 11 रुपये
हापुड़ मिलक 13 रुपये
हापुड़ काफूरपुर 15 रुपये
हापुड़ डोमा टिकली 17 रुपये
हापुड़ समाना 18 रुपये
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक का कथन
एआरएम एनपी सिंह का कहना है कि ग्रामीणों की समस्या पर समाना तक लोहिया ग्रामीण बस सुविधा चालू कर दी गई है। ग्रामीण 25 फीसदी छूट पर इस मार्ग पर सफर कर बस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।