अतरपुरा स्थित कार्यालय पर किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
बाबूगढ़ मेन मार्केट में जर्जर तारों के टूटने से हो रहे हादसे से गुस्साए दुकानदारों और लोगों ने बृहस्पतिवार को अधिशासी अभियंता का घेराव कर प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं ने जर्जर तार बदलवाने और ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की।
बाबूगढ़ के मुख्य बाजार में बिजली के तार जर्जर हो चुके हैं। आए दिन जर्जर तार टूटने से हादसे हो रहे हैं। कई बार उपभोक्ता निगम अफसरों से लाइन बदलने की मांग कर चुके हैं लेकिन समस्या का समाधान तो दूर, कर्मचारी टूटे तारों की मरम्मत भी समय पर नहीं कर पा रहे हैं।
उधर, मोहल्ले में लगा ट्रांसफार्मर भी ओवर लोड होने के कारण आए दिन फुंकता रहता है। इससे लोगों को बेहद परेशानी होती है।इन समस्याओं को लेकर बृहस्पतिवार को लोग अतरपुरा चौराहा स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे और घेराव कर जमकर हंगामा किया।
साथ ही उपभोक्ताओं ने समस्या का जल्द समाधान न होने पर बिजलीघर को घेरने की चेतावनी दी है। इस दौरान अनुज शर्मा, प्रशांत शर्मा, विजय कुमार, पवन कुमार सुग्रीव लाला, कांति, भोलू वर्मा आदि मौजूद रहे।
अधिशासी अभियंता चंदन प्रकाश का कहना है। विद्युत कर्मियों को मौके पर भेजकर तारों और ट्रांसफार्मर की जांच करवाई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।