हापुड़। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में अध्ययनरत छात्रों के लिए सत्र (2025-26) प्रथम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा के फार्म ऑनलाइन कर दिए गए हैं। छात्र समर्थ पोर्टल के माध्यम से फार्म भर सकेंगे। साथ ही 17 दिसंबर को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई है। यह परीक्षा अब 12 जनवरी को होगी।
प्रथम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा के फार्म भरने और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 दिसंबर है। महाविद्यालयों को 24 दिसंबर तक ऑनलाइन सत्यापन करना होगा। नॉमिनल रोल नंबर सहित परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में 26 दिसंबर तक जमा करेंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार छात्र सिर्फ समर्थ पोर्टल पर परीक्षा फार्म भर सकते हैं। इस कारण अंतिम तिथि के बाद किसी भी स्तर पर फार्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सभी महाविद्यालयों और छात्रों से अपील की गई है कि निर्धारित तिथियों में ही कार्य पूरा कर लें, देरी होने पर छात्रों को परीक्षा से वंचित होना पड़ सकता है।
इस तरह करें पोर्टल पर लॉगिन
छात्रों को विश्वविद्यालय द्वारा जारी नए एनरॉलमेंट नंबर का उपयोग करना होगा। पोर्टल का लिंक https://ecsuniversity.samarthe.edu.in है। एनरॉलमेंट नंबर डाउनलोड करने की प्रक्रिया भी संलग्न की गई है। फार्म भरने के लिए सबसे पहले पोर्टल ओपन करें, यदि पहले से रजिस्टर्ड नहीं है तो न्यू रजिस्ट्रेशन करें। इसके लिए पाठ्यक्रम, नाम और एनरॉलमेंट नंबर भरें। ईमेल पर आए ओटीपी से वेरिफाई करें और पासवर्ड सेट करें। लॉगिन के बाद सेक्शन में जाकर रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद एग्जामिनेशन फार्म पर जाएं और विकल्प भरें। कोर्स चेक करें और विषयों का ध्यानपूर्वक अवलोकन कर सबमिट करें।
Iविश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा फार्म ऑनलाइन कर दिए गए हैं। छात्र समर्थ पोर्टल के जरिए फार्म समय से भर दें, ताकि छात्रों को परेशान न होना पड़े। 17 दिसंबर की स्थगित परीक्षा अब 12 जनवरी को होगी।प्रो.नवीन चंद्र, प्राचार्य एसएसवी पीजी कॉलेज।I