हापुड़। सीसीएसयू ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत संचालित स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। दिसंबर-2026 की परीक्षाएं 10 दिसंबर से शुरू होकर जनवरी 2027 तक चलेंगी। बीए, बीएससी और बीकॉम के विद्यार्थियों की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जाएंगी।
विश्वविद्यालय की ओर से 27 नवंबर को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। प्रथम पाली सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक निर्धारित की गई है। वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्रों की अवधि दो घंटे और वर्णनात्मक प्रश्नपत्रों की अवधि तीन घंटे होगी।
एसएसवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो.नवीन चंद्र ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम में स्पष्ट किया गया है कि प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के को-करीकुलर विषयों की परीक्षा 100 अंकों की, जबकि पंचम सेमेस्टर में 75 अंकों की होगी। विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों और विभागों को परीक्षा संबंधी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को भी विषयवार परीक्षा तिथि देखकर तैयारी करने की सलाह दी गई है।