हापुड़। सीसीएसयू से जुड़े परीक्षा केंद्रों पर अब छात्रों की परीक्षा से पहले सघन चेकिंग होगी। जूते उतरवाकर तलाशी ली जाएगी, जरूरी पड़ी तो नंगे पैर ही केंद्र पर प्रवेश मिलेगा। एसएसवी कॉलेज में एलएलबी की परीक्षा में सात नकलची पकड़े जाने के बाद आंतरिक उड़न दस्ते ने सतर्कता बढ़ा दी है।
दरअसल, जिले के 14 केंद्रों पर इन दिनों यूजी, पीजी की परीक्षाएं चल रही हैं। हर रोज दो पालियों में हजारों छात्र परीक्षा देने पहुंच रहे हैं। शनिवार को एसएसवी पीजी कॉलेज में एलएलबी की परीक्षा में सात छात्र नकल करते पकड़े गए थे। अधिकांश छात्र जूते में पर्ची दबाकर कॉलेज पहुंचे थे।
मुख्य नियंता डॉ.सुदर्शन त्यागी ने बताया कि नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए परीक्षा से पहले अब जूतों की भी तलाशी ली जाएगी। छात्रों की संख्या अधिक होने पर केंद्र पर बिना जूतों के एंट्री की व्यवस्था भी शुरू की जा सकती है। क्योंकि कई परीक्षाओं में छात्रों पर नकल की पर्चियां पकड़ी जा चुकी हैं।
एसएसवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो.नवीन चंद्र ने बताया कि परीक्षाएं शांतिपूर्वक और नकलविहीन संपन्न कराना प्राथमिकता है। सघन तलाशी के बाद ही छात्रों को केंद्रों पर प्रवेश मिलेगा।