लखनऊ मुख्यालय से आए वाणिज्यकर और पुलिस के अधिकारियों ने बुधवार को गढ़मुक्तेश्वर थाना की ब्रजघाट और धौलाना थाने की समाना पुलिस चौकी पर चेकिंग कर वाणिज्य कर की चोरी कर माल ले जाते करोड़ों के परचून आदि सामान से भरे 10 ट्रक पकड़े हैं।
इन ट्रकों को गाजियाबाद के वाणिज्यकर अधिकारियों को जांच के लिए सौंप दिया गया है। लखनऊ से वाणिज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर बीडी गुप्ता और अपर पुलिस अधीक्षक मनीराम यादव बुधवार को हापुड़ पहुंचे
और पुलिस अधीक्षक से मिलकर वाणिज्यकर की चोरी कर माल ले जाने वाले ट्रकों की चेकिंग के लिए पुलिस फोर्स मांगा। फोर्स मिलने पर गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र की ब्रजघाट चौकी पर चैकिंग के दौरान परचून आदि सामान से लदे 6 ट्रक पकड़े गए।
इसी टीम ने धौलाना थाना क्षेत्र की समाना चौकी पर चैकिंग की और वहां भी परचून आदि माल से लदे 4 ट्रक पकड़ लिए। इन ट्रकों में वाणिज्यकर की चोरी कर माल ले जाया जा रहा था। इस धंधे की शिकायत लखनऊ मुख्यालय पर पहुंचने के बाद यह कार्यवाही की गयी है।
बताया गया है कि इन सभी ट्रकों को गाजियाबाद वाणिज्यकर विभाग के अधिकारियों को जांच और आगे की कार्यवाही के लिए सौंप दिया गया है। लखनऊ मुख्यालय की इस कार्यवाही से वाणिज्य कर विभाग में हड़कंप मच गया है
क्योंकि सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर यह धंधा कैसे चल रहा था। इस मामले को लेकर वाणिज्यकर विभाग के अफसरों पर गाज गिर सकती है।