हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव धर्मपुर गढ़ी (शाहबुद्दीन नगर) में शनिवार की रात पशु चोर गिरोह और पुलिस के बीच जमकर फायरिंग हुई। इस मुठभेड़ में थानाध्यक्ष व पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। पिकप गाड़ी में सवार चोर पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारकर फायरिंग करते हुए पैदल खेतों की ओर भाग गए। पुलिस ने पिकप गाड़ी और चोरी की दो भैंस बरामद कर ली है।
गांव धर्मपुर गढ़ी में शनिवार की रात तकरीबन 1:30 बजे पिकप गाड़ी में सवार लगभग आधा दर्जन मवेशी चोर पहुंचे। हरिराज सिंह के बाड़े की दीवार तोड़ कर वहां बंधी दो भैंसों को खोल लिया। इसी बीच गांव वाले जाग गए। पुलिस को सूचना देने के साथ ही ग्राम प्रधान संदीप रावत समेत तमाम ग्रामीण चोरों की तलाश में जुट गए। इस बीच थानाध्यक्ष हाफिजपुर संजय यादव पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचे और ग्रामीणों के साथ चोरों की घेराबंदी की।
पुलिस को देख पशु चोरों ने फायरिंग शुरू कर दी, जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। दोनों ओर से जमकर हुई फायरिंग से पूरा गांव दहल गया। चारों ओर से घिरा देख चोर गिरोह पुलिस की जीप में टक्कर मारते हुए कुछ दूर पर अपना वाहन छोड़कर पैदल खेतों के रास्ते होकर भाग गए। पुलिस ने काफी तलाश की, लेकिन हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस ने मौके से पिकप गाड़ी व चोरी की दो भैंस बरामद की है। थानाध्यक्ष हाफिजपुर ने बताया कि बरामद की गई गाड़ी के बारे में जानकारी की जा रही है ताकि बदमाशों के बारे में कुछ पता चल सके।
वाहन चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों ने हरिराज सिंह की दीवार तोड़ने के बाद वहां के उबड़ खाबड़ रास्ते में उनका वाहन न फंस जाए, इस लिए कुछ दूरी पर दीवार से निकली ईटों का खड़ंजा लगा दिया ताकि पशु चोरी कर आसानी से फरार हो सकें।