गढ़मुक्तेश्वर। भाकियू संघर्ष (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरनजीत सिंह को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
गांव लोधीपुर निवासी सरनजीत सिंह ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। इसमें करीब 21 सेकंड तक बातचीत हुई। उनका दावा है कि कॉल पाकिस्तान के नंबर से की गई थी और कॉल करने वाले व्यक्ति ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद सरनजीत सिंह ने पुलिस को सूचना दी और मामले में तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल की जांच की जा रही है और नंबर की लोकेशन व अन्य तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वहीं, इस घटना से भाकियू संघर्ष (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।