पिलखुवा। नगर कोतवाली क्षेत्र के रिलायंस रोड स्थित एक्साइड सर्विस सेंटर और गोदाम में 82 लाख रुपये की बैटरियों की हेराफेरी का खुलासा हुआ है। प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि यह हेराफेरी गोदाम कर्मचारी और सर्विस सेंटर कर्मचारियों की मिलीभगत से की गई।
प्रबंधक नितिन शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दिसंबर 2023 से गणेश केयरिंग कॉर्पोरेशन एक्साइड इंडस्ट्रीज लिमिटेड का सीएफए संचालन कर रहा है। हाल ही में स्टॉक जांच के दौरान पाया गया कि 13,500 बैटरियां गायब हैं, जिनकी कीमत करीब 82 लाख रुपये है। पूछताछ में कर्मचारी मनीष कुमार ने स्वीकार किया कि उसने दीप, शुभम शर्मा, राहुल राठी और अन्य कर्मचारियों व डीलरों के साथ मिलकर कागजातों में हेराफेरी कर यह गड़बड़ी की है। इसके बदले में उसे रकम भी दी गई थी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि प्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपों की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।