हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड पर जिम से लौट रहे स्कूटी सवार हिस्ट्रीशीटर अतुल त्यागी पर फायरिंग कर घायल करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने बड़े भाई की तहरीर पर एक भाजपा नेता समेत चार युवकों को नामजद किया है।
गांव सूदना निवासी कृष्णकांत त्यागी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि सोमवार की रात करीब पौने नौ बजे उसका छोटा भाई अतुल त्यागी जिम से वापस मोहल्ला त्यागीनगर स्थित अपने घर लौट रहा था। स्वर्ग आश्रम रोड सैनी मार्केट के सामने कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचने पर बुलेट सवार मनीष शर्मा उर्फ मतनौरा, दिपांशु त्यागी उर्फ चिंटू, प्रशांत गौड़ वहां पहुंचे। इस दौरान मनीष ने जान से मारने की नियत से उसके भाई पर फायर कर दिया। प्रशांत गौड़ भाजपा युवा माेर्चा का जिला उपाध्यक्ष है।
गोली उसके भाई अतुल की कमर में लगी और वह स्कूटी से नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उसके भाई के साथ यह घटना विपिन चौधरी निवासी गांव मुरादपुर के इशारे पर हुई है।
उसने भाई को गढ़ रोड स्थित देवनंदनी अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस को मामले की सूचना दी।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि बड़े भाई की तहरीर पर मनीष शर्मा उर्फ मतनौरा, दीपांशु त्यागी उर्फ चिंटू, प्रशांत गौड़ व विपिन चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं भाजपा नेता का कहना है कि घटना के समय वह अपने घर पर मौजूद था, ऐसे में उसे साजिशन फंसाया जा रहा है।