वट सावित्री अमावस्या पर रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु गढ़ के ब्रजघाट पर गंगा में डुबकी लगाएंगे। इससे जगह-जगह जाम की स्थिति रहेगी। ऐसे में यदि आप गाड़ी से निकल रहे हैं तो जरा संभलकर निकलिए।
श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने से रविवार को अलीगढ़-बुलंदशहर मार्ग पर जाम लग सकता है। ब्रजघाट पर शनिवार से ही दूर-दूर से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। ऐसे में स्याना चौपला के फ्लाई ओवर के पास आज से ही जाम की स्थिति उत्पन्न होने लगी है।
अमावस्या पर उमड़ने वाली भीड़ का अंदाजा लगाकर प्रशासन ने चाक चौबंद व्यवस्था की है। इसके चलते जाम से बचाव के लिए रूट डायवर्जन के अलावा चप्पे-चप्पे पर पुलिस की चौकसी की व्यवस्था है।
वट सावित्री अमावस्या पर मुख्य स्नान पर्व रविवार को ब्रह्म मुहूर्त में शुरू होकर सूर्यास्त होने तक जारी रहेगा। इस दौरान ब्रजघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाएंगे।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भारी तादाद में स्नानार्थी यहां आते हैं। शनिवार से ही यहां श्रद्धालुओं के उमड़ने से धर्मशाला, मंदिर और आश्रम परिसर भीड़ से फुल हो गए हैं।
इससे देर रात आने वाले गंगा भक्तों को पक्के बांध और आरती प्लेटफार्म समेत इधर-उधर रात गुजारनी पड़ी। उधर, प्राचीन पंचायती मंदिर के पुजारी पं. सुरेंद्र प्रसाद शर्मा और पं. रमाशंकर तिवारी ने बताया कि लंबी अवधि के बाद वट सावित्री अमावस्या पर दुर्लभ ग्रहीय संयोग और विशिष्ट योग बन रहा है,
जिसमें गंगा स्नान करने वालों को पापों से मुक्ति और मनोवांछित फल प्राप्त होने की धार्मिक मान्यता है। इस दौरान स्नान-दान और सद्कर्मों का कई सौ गुना लाभ मिलता है। इस दिन विवाहिता उपवास रखकर सदा सुहागिन रहने के लिए वट वृक्ष की पूजा अर्चना करती हैं, जिससे उनकी मनोकामना पूरी होती है।
उधर, बुलंदशहर प्रतिनिधि के मुताबिक पुलिस अफसरों का दावा है कि वट अमावस्या पर जाम से निपटने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। जाम लगने वाले मार्गों की पहचान कर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
एसडीएम शमशाद हुसैन और डीएसपी सतीश चंद्र पांडेय का कहना है कि हाईवे पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। डूबने से होने वाली अनहोनी घटनाओं की रोकथाम के लिए गंगा किनारे बेरीकेंडिग कराने के साथ ही नावों से युक्त गोताखोरों की तैनाती की गई है।
श्रद्धालुओं को आवागमन के दौरान होने वाली दिक्कतों को देखते हुए मुख्य रास्तों से अतिक्रमण हटवाया जा चुका है। वहीं, इंस्पेक्टर समरजीत सिंह और चौकी इंचार्ज बलबीर सिंह ने बताया कि अमावस्या पर सुरक्षा के पुख्ता के इंतजाम हैं।
संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रहेगी और हाईवे को पूरी तरह जाम मुक्त रखा जाएगा। गंगा पुल के आसपास सड़क किनारे कोई भी वाहन खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।
नेशनल हाईवे पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ की तरफ जाने वाले भक्त ब्रजघाट से पलवाड़ा रोड वाया डेहरा कुटी से वैट होकर जाम से बचते हुए हाईवे पर पहुंच सकेंगे।
मेरठ, बागपत, बड़ौत, किठौर क्षेत्र के भक्त गांव अल्लाबख्शपुर के सामने से महमाई रोड होकर गढ़ कस्बे से निकलकर मेरठ रोड पर पहुंच सकेंगे। बुलंदशहर, स्याना, औरंगाबाद के भक्त ब्रजघाट वाया पलवाड़ा रोड होकर लौट सकेंगे।