एनएच-24 पर सबली कट के पास रविवार तड़के करीब 3:30 बजे एक कार डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे कैंटर से टकरा गई। कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कार सवार दो युवतियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कैंटर चालक और एक सवार गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने घायलों को सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हादसे में मृत सभी लोग नोएडा के थे।
पुलिस के मुताबिक नोएडा के सेक्टर-34 निवासी आशीष सरकार की पुत्री पूर्विता अपनी महिला मित्र अदिती और पुरुष मित्र सुतानू, निखिल के साथ शनिवार को मुरादाबाद में आयोजित शादी समारोह में भाग लेने स्विफ्ट कार से गए थे।
वे रात में ही वहां से नोएडा लौट रहे थे। कार सवार चारों लोग नोएडा की जी क्यूब सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत थे। नेशनल हाईवे-24 पर सबली कट के पास उनकी कार पंक्चर हो गई।
कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार कर गई। तभी दिल्ली से अमरोहा मंडी सेब लेकर जा रहे कैंटर कार जबरदस्त टकराई। कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में पूर्विता, अदिती, सुतानू, निखिल और कैंटर चालक विजय निवासी अमरोहा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अनवरपुर स्थित सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
डॉक्टरों ने पूर्विता, अदिती और सुतानू को मृत घोषित कर दिया। निखिल और विजय की हालत गंभीर है। हादसे के बाद एनएच-24 पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर आधे घंटे बाद जाम खुलवाया।
रविवार सुबह आशीष सरकार और सॉफ्टवेयर कंपनी के अधिकारी कोतवाली पहुंचे और पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव देने अनुरोध किया।
पुलिस ने बिना कार्रवाई किए शव परिजनों को सौंप दिए। सीओ सिटी का कहना है कि कार में पंक्चर होने की वजह से हादसा हुआ था।
दुर्घटना में युवक की मौत
थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांाव मौड के पास रविवार शाम कार टक्कर लगने से बाइक सवार युवक मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक भाग गया। बुलंदशहर निवासी तनवीर बाइक से थाना धौलाना क्षेत्र के गांव ह्दयपुर अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था।
वह थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव मौडी के समीप बस को ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रही कार से जा टकराया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।