गढ़ नगरपालिका क्षेत्र से जुड़े गांव नयाबांस निवासी मंगत सिंह के बेटे तारा (30 वर्ष) की मंगलवार की रात घर लौटने के दौरान कैंटर की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
तारा ने ब्रजघाट हाईवे किनारे जमीन बटाई पर ली हुई थी, जिस पर उन्होंने लोकी की फसल बो रखी थी। मंगलवार की रात वह खेत से बाइक द्वारा गांव लौट रहे थे। जैसे ही तारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव अल्लाबखपुर कट के पास पहुंचे, तो दिल्ली की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक कैंटर को छोड़ कर वहां से भाग निकला। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को भी सूचना दी।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के भाई फूल सिंह ने कैंटर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आरोपी चालक की तलाश शुरू करा दी गई है।