सिंभावली। पुराने हाईवे पर तेज रफ्तार कैंटर पलटने से चालक और क्लीनर घायल हो गए। जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद वाहन से बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हरियाणा निवासी कमल कैंटर चलाता है। बुधवार को वह क्लीनर दीपक को साथ लेकर हिसार से बरेली जा रहा था। सिंभावली क्षेत्र में पुराने हाईवे पर वैठ मोड़ के निकट तीव्र मोड़ पर कमल नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार कैंटर सर्विस रोड पर पलट गया। यह तो शुक्र रहा कि कैंटर पलटने के दौरान आसपास कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। हादसे में चालक और क्लीनर वाहन में फंस गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शीशा तोड़कर दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना पुलिस का कहना है कि कैंटर को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।