बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के रसूलपुर बाईपास स्थित बिस्मिल्लाह होटल के पास टायर से रोड़ी निकालते समय कैंटर में पीछे से दूसरी कैंटर की भिड़ंत हो गई। इसमें कैंटर चालक जासिम निवासी मुरादाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर दोनों कैंटरों को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि जिला मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा निवासी चालक जासिम सोमवार की देर रात हाईवे 9 रसूलपुर बाईपास स्थित बिस्मिल्लाह होटल के पास कैंटर खड़ी कर टायर से रोड़ी निकाल रहे थे। इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार कैंटर से उनकी कैंटर की भिड़ंत हो गई। हादसे में जासिम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
सड़क हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मृतक चालक की शिनाख्त की। पुलिस दोनों कैंटरों को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। जबकि दुर्घटना करने वाली कैंटर का चालक मौके से फरार हो गया। इस दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति रही और यातायात को धीमी गति से होकर निकाला गया।
सीओ जितेंद्र कुमार का कहना है कि आशंका है कि हादसा रात के अंधेरे और तेज गति के कारण हुआ। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।