गन्ना मूल्य के नाम पर किसानों को दिया लॉलीपॉप
- फोटो : अमर उजाला
परिवर्तन यात्रा के दौरान रविवार को केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री संजीव बालियान ने सपा सरकार को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गन्ने के समर्थन मूल्य में 25 रुपये की बढ़ोतरी कर किसानों को लॉलीपॉप दिया है। किसान अपनी फसलों की लागत तक नहीं निकाल पा रहे हैं। सपा सरकार में सभी वर्ग के लोग परेशान हैं।
संजीव बालियान ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद सूबे में अगर भाजपा की सरकार बनती है तो जल्द से जल्द किसानों के बकाए गन्ने का भुगतान कराया जाएगा। सपा के राज में चीनी मिलें किसानों का शोषण कर रही हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। किसान कर्ज लेकर अपनी बेटियों की शादी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा प्रदेश में चलाई गई परिवर्तन यात्रा में जिस तरह से युवा भाग ले रहे हैं, इससे साबित हो रहा है कि प्रदेश में आने वाली सरकार भाजपा की होगी। उन्होंने कहा कि नोटबंदी को लेकर लोगों को परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। केंद्र सरकार ने यह फैसला जनता के हित को ध्यान में रखकर लिया है।
इस दौरान राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार आने पर गुंडागर्दी करने वाले लोग जेल के अंदर होंगे। नोटबंदी का वो ही लोग विरोध कर रहे हैं, जिनके पास काला धन है। मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि पुलिस-प्रशासन जनता के प्रति अपने रवैये को सुधारे और एजेंट के रुप में काम करना बंद करे।