हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-98 स्थित शाहपुर जट्ट के पास मंगलवार की दोपहर हाईवे किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से एक बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस क्षतिग्रस्त बाइक व पिकअप को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, जिला गाजियाबाद के नंदग्राम गली नंबर-16 निवासी गोविंद पुत्र रामेश्वर(35) अपने बड़े भाई रवि(37) व ब्रजेश(45) के साथ बाइक से ब्रजघाट अपने मकान मालिक के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
दोपहर करीब एक बजे एनएच-09 स्थित शाहपुर जट्ट के पास पहुंचने पर हाईवे किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से उनकी बाइक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे में गोविंद की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि रवि व ब्रजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया।