हापुड़। ग्रामीण मार्गों पर बसों का संचालन न होने से परेशान ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना के तहत जिले के 17 ग्रामीण रूटों पर निजी बसों का संचालन किया जाएगा। इस सप्ताह में ही दो ग्रामीण रूटों पर बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद गांव से शहर तक का सफर आसान होगा।
मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना के तहत गांवों को शहर तक जोड़ने के लिए ग्रामीण रूटों पर निजी बसों का संचालन किया जाना है। इसके लिए परिवहन निगम द्वारा बस संचालकों से आवेदन भी मांगे गए थे। अप्रैल माह में बस संचालकों ने योजना के तहत आवेदन किए थे, जिस पर बसों के संचालन की परिवहन निगम ने भी मंजूरी दे दी है। बस संचालकों द्वारा नई बसों को खरीदना शुरू कर दिया है।
इस सप्ताह में ही बाड़ली-आरिफपुर-सरावनी-कोटा हरनाथपुर-अटूटा, सूदना-रजपुरा-टियाला-असौड़ा होते हुए हापुड़ तक बस का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे शहर के स्कूल, कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों के साथ नौकरीपेशा लोगों को भी राहत मिलेगी। इसके साथ ही शहर में अन्य कार्यों के लिए भी ग्रामीणों का आवागमन आसान बन सकेगा। साथ ही डग्गामार वाहनों में सफर करने से भी छुटकारा मिलेगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सतीश कुमार का कहना है कि इस सप्ताह में ही दो ग्रामीण मार्गों पर बसों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है। ग्रामीण रूटों पर बसों का संचालन प्रारंभ होने से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।