कासगंज में सिपाही की शहादत पर किया मौन धारण
हापुड़। कासगंज में शराब माफियाओं के हमले में शहीद सिपाही की शहादत पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मौन धारण कर, हत्यारोपियों के एनकाउंटर करने की मांग उठाई। साथ ही उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने से आई आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ.नरेंद्र सोलंकी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। हत्या, दुष्कर्म जैसे अपराध और नकली शराब का अवैध कारोबार पूरे प्रदेश में बडे़ पैमाने पर फल फूल रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्यसरकार को नैतिक आधार पर अब और बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। जिला प्रवक्ता एडवोकेट ऋषिपाल सैनी ने कहा कि इस आधुनिक समय में भी देश के पर्वतीय क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं का सटीक पूर्वानुमान लगाने की कोई पुख्ता व्यवस्था न होना दुखद है, जिस कारण आए दिन असंख्य लोग असमय अचानक काल का ग्रास बनते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के केदारनाथ में वर्षों पूर्व आई विनाशकारी आपदा और अब चमोली की घटना अत्यंत दुखदायी हैं। जिला उपाध्यक्ष पंडित मनोज भारद्वाज ने केंद्र सरकार से देश के पर्वतीय व समुद्रीय तटवर्ती राज्यों के लोगों को अचानक आने वाली प्राकृतिक आपदाओं से बचाने के लिए ठोस नीति बनाने की जोरदार मांग की।
इस मौके पर मुस्लिम कुरैशी, हीरा लाल जैनवाल, सरिता गुप्ता, राहुल शर्मा, मनोज गुप्ता, आजाद, कपिल त्यागी, आकाश त्यागी, वीपी सिंह, जसमीत सिंह, हरिओम शर्मा, टीकाराम, रोहताश, बिजेंद्र, फिरोज खान आदि मौजूद रहे।