स्वतंत्रता दिवस और रक्षा बंधन पर अवकाश के भ्रम में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बीटीसी काउंसलिंग के लिए नहीं पहुंचे। शुक्रवार को जब अभ्यर्थी डायट पहुंचे तो उनकी काउंसलिंग नहीं हो पाई। परेशान अभ्यर्थियों ने डीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर डेट बढ़ाने की मांग की है।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि अवकाश के दिन काउंसलिंग होने की सूचना उन्हें नहीं दी गई थी। बीटीसी प्रवेश परीक्षा में मेरिट के आधार पर चयनित हुए अभ्यर्थियों की डायट परिसर में काउंसलिंग के लिए 10 से 18 अगस्त का समय निर्धारित किया गया था।
इस बीच स्वतंत्रता दिवस व रक्षाबंधन पर अवकाश समझकर अनेक अभ्यर्थी काउंसलिंग कराने नहीं पहुंचे। लेकिन जब विभिन्न जिलों से अभ्यर्थी शुक्रवार को बीटीसी काउंसलिंग कराने पहुंचे तो पता चला कि स्वतंत्रता दिवस व रक्षाबंधन के अवसर पर भी काउंसलिंग कराई गई थी।
अभ्यर्थियों ने बताया कि अवकाश के दिन काउंसलिंग की उन्हें सूचना नहीं दी गई थी। उन्होंने कई बार हेल्पलाइन नंबर पर भी जानकारी लेने की कोशिश की लेकिन नंबर नहीं मिला। उन्होंने बताया कि अन्य जिलों में स्वतंत्रता दिवस व रक्षाबंधन अवकाश के कारण काउंसलिंग की डेट बढ़ा दी गई है,
लेकिन हापुड़ जिले में काउंसलिंग की डेट नहीं बढ़ाई गई है। इससे दर्जनों अभ्यर्थी काउंसलिंग से वंचित रह गए हैं। इस संबंध में अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन देकर काउंसलिंग की डेट बढ़ाने की मांग की है।
इस मौके पर आशीष कुमार, पूजा पाल, हीरालाल, सुशील यादव, जयप्रकाश, उपासना, शिवानी, नीलम, अनिल कुमार, उदय प्रताप, रंजीत कुमार, ललित चौहान, अमित कुमार यादव आदि मौजूद रहे।