हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड पर साइलो प्रथम पुलिस चौकी के पास आगरा से मेरठ जा रही सोहराबगेट डिपो की एक बस ब्रेक फेल होने के कारण पेड़ से टकरा गई। इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस में सवार किसी यात्री के चोट नहीं आई। हालांकि इस दौरान सड़क किनारे चांट खा रहे दो युवक बाल-बाल बच गए।
चालक लोकेश कुमार ने बताया कि सोहराब गेट डिपो की रोडवेज बस आगरा से चल कर मेरठ जा रहा थी। जैसे ही मेरठ रोड पर फ्लाईओवर पार करके साइलो प्रथम चौकी के पास पहुंची तो अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने किसी तरह बस को किनारे ले जाकर पेड़ से जा टकरा दिया। हादसा होते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में वह बस से उतर गए। गनीमत रही कि किसी के चोट नहीं आई। इस दौरान सड़क किनारे ठेले पर चांट खा रहे दो युवकों ने कूदकर जान बचाई।
बाइक से किया स्टंट, 20 हजार का चालान
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र में बाइक पर स्टंट करते युवकों का वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने बाइक स्वामी का बीस हजार रुपये का चालान किया है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें बाइक सवार तीन युवक स्टंट कर रहे थे। वीडियो का यातायात पुलिस ने संज्ञान लेते हुए बाइक स्वामी का बीस हजार रुपये का चालान कर दिया।