गंगानगरी में शिवभक्तों का आगमन शुरू
- फोटो : अमर उजाला
सावन के तीसरे सोमवार को भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने वाले शिवभक्तों का ब्रजघाट गंगानगरी में आगमन शुरू हो गया है। इसमें बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकार फिर से गूंजने लगे हैं।
बता दें कि दुर्गम पहाड़ी स्थलों गोमुख, हरिद्वार, गंगोत्री के साथ ही ब्रजघाट गंगा से कांवड़ ले जाने वाले शिवभक्तों ने एक अगस्त को शिवरात्रि के दिन भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया था। इसके बाद पहाड़ी स्थलों की कांवड़ यात्रा संपन्न हो गई थी
लेकिन ब्रजघाट गंगानगरी की कांवड़ यात्रा सावन के आखिरी सोमवार तक जारी रहेगी, क्योंकि गंगा पार के जनपद अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, बिजनौर, बरेली, रामपुर में सावन मास के प्रत्येक सोमवार को भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने की विशेष धार्मिक मान्यता प्रचलित है।
इसके चलते इन जनपदों के शिवभक्तों का ब्रजघाट गंगानगरी में आगमन शुरू हो गया है। प्राचीन पंचायती मंदिर के पुजारी पंडित सुरेंद्र प्रकाश शर्मा और पंडित रमाशंकर तिवारी ने बताया कि गंगा पार के जनपदों में सावन मास के प्रत्येक सोमवार को भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने की धार्मिक मान्यता सदियों से चली आ रही है।