पिलखुवा के गांव शाहपुर फगौता स्थित लाइब्रेरी में आग में जली पड़ी किताबें।संवाद
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर फगौता गांव में सचिवालय की लाइब्रेरी में आग लगाने से किताबें और रैक जल गए। आग ज्यादा नहीं फैलने से बड़ा नुकसान होने से बच गया।
ग्राम प्रधान अतुल सिसोदिया के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर लाइब्रेरी में आग लगाई। आग की चपेट में आने से वहां रखी किताबें और रैक जल गए। घटना में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, आग अधिक नहीं फैल सकी, जिससे लाइब्रेरी में रखी दूसरी सामग्री जलने से बच गई। यदि आग फैल जाती तो नुकसान काफी अधिक हो सकता था। घटना के बाद ग्राम प्रधान ने कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में आग जानबूझकर लगाए जाने की आशंका जताई गई है। गांव के सचिवालय में लाइब्रेरी होने के कारण यहां किताबें और रैक रखे हुए थे। आग से इनका नुकसान हुआ, लेकिन समय रहते आग आगे नहीं बढ़ी।
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।