गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव सादुल्लापुर निवासी युवक गुरुवार की देर शाम अपने साथियों के साथ सिंभावली क्षेत्र गांव देवली में एक मुस्लिम युवक की फास्ट फूड की दुकान पर मोमोज खाने के लिए गया था। जहां मोमोज खाने के दौरान उसमें हड्डी निकल गई। जिसे देखकर युवक ने दुकानदार से शिकायत की, तो उसने युवक के साथ अभद्रता की। जिससे गुस्साए युवक ने हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामा होने पर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। युवक ने 112 पर कॉल कर पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। लेकिन इससे पहले ही आरोपी दुकानदार अपनी दुकान बंद कर भाग निकला।
वहीं पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए सभी लोगों को शांत करते हुए मामले की जांच की बात की। वहीं युवक ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ित का कहना है कि वह शाकाहारी है और उसके खाने में हड्डी निकलना सरासर गलत है, इसलिए आरोपी दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
इस संबंध में सीओ पीयुष कुमार का कहना है कि सूचना मिली है, आरोपी दुकानदार अपनी दुकान बंद कर भाग गया है। मामले की जांच कराकर निश्चित कार्रवाई की जाएगी।