केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशन पर खादर मेले के सुरक्षा प्रबंध इस बार अभूतपूर्व रहेंगे, जिसके चलते मेला स्थल समेत आसपास के जंगल और संपर्क मार्गों के चप्पे-चप्पे पर खाकी वाले तैनात रहेंगे।
इसके अलावा महिला पुलिस, घुड़सवार जवान, डॉग स्कवायड, पीएसी, एएससी, गुंडा दमन दल, बम निरोधक और कमांडो दस्ता भी मेले में मोर्चा संभालेगा।
पौराणिक खादर मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इस बार पुलिस महकमे ने अभूतपूर्व बंदोबस्त किया है, जिसके तहत सूबे के विभिन्न जनपदों की पुलिस मेला ड्यूटी में मोर्चा संभालेगी।
डीजीपी मुख्यालय से जुड़े चार एएसपी की ड्यूटी मेले में रहेगी। इसके अलावा मेला स्थल समेत रूट सैक्टरों पर बनाए जाने वाले महिला थाने समेत सभी थानों में 21 डीएसपी तैनात रहेंगे।
मेला सीओ आरके सिंह ने बताया कि बाहरी जनपदों से पुलिस का आगमन प्रारंभ हो गया है, जबकि पांच कंपनी पीएसी और दो कंपनी रिवर्स पुलिस की आमद भी बहुत जल्द होनी है, जिससे मेला स्थल समेत रूट सैक्टरों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद रहेगी।
उन्होंने बताया कि इस बार खादर मेले में 60 इंस्पेक्टर, 450 एसआई, 425 हैड कांस्टेबल, 2700 कांस्टेबल, 11 घुड़सवार, तीन बम निरोधक दस्ते, 33 महिला एसआई, 35 हैड कांस्टेबल तैनात हाेगें।
वहीं, 100 कांस्टेबल, एक हजार होमगार्ड, 300 पीआरडी, दो डॉग स्कवायड, तीन बम निरोधक दस्ते, पांच कंपनी पीएसी, दो कंपनी रिवर्स पुलिस, गुंडा दमन दल, एंटी टैरेरिज्म दस्ता तैनात रहेगा।
इसके अलावा यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू रखने के उद्देश्य से मेला स्थल समेत संपर्क मार्ग और नेशनल हाईवे पर यातायात पुलिस की तैनाती भी रहेगी।
उन्होंने बताया कि इस बार मेला स्थल समेत आसपास के जंगल और संपर्क मार्गों के चप्पे चप्पे पर सशस्त्र पुलिस की तैनाती रहेगी।
इसके अलावा इंटेलीजेंस ब्यूरो समेत लोकल इंवेस्टीगेशन यूनिट भी मेला क्षेत्र में पूरी तरह सक्रिय रहेंगी, जिनकी संख्या में भी इस बार काफी हद तक बढ़ोतरी की गई है।
जिससे कि संदिग्धों की कड़ी निगरानी के साथ ही अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को वारदात को अंजाम देने से पहले ही धरपकड़ संभव रहेगी।