नाले के अंदर से शव को जेसीबी से निकलवाते पुलिसकर्मी। स्रोत: वीडियो ग्रैब
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत नगर पालिका के गेट के पास रविवार को नाले में किसी व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका की टीम की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार नगर पालिका परिषद के गेट के पास तीव्र बदबू आ रही थी। लोगों ने देखा तो नाले में किसी व्यक्ति का शव पड़ दिखाई दिया। इसके बाद मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए और कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जेसीबी के माध्यम से शव को नाले से बाहर निकलवाया।
लोगों का कहना है कि नगर पालिका खुले पड़े नालों को लेकर गंभीर नहीं है। आए दिन खुले पड़े नालाें में हादसे हो रहे हैं और लोगों की नालों में गिरने से मौत हो रही है। इसके बाद भी नगर पालिका लापरवाही बरत रही है। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि शायद नशे की हालत में नाले में गिरा हो। वहीं, ईओ नगर पालिका संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि नगर पालिका अपने स्तर से नालों को ढकने का कार्य कर रही है। ऐसे नालों को जल्द ढका जाएगा।