हापुड़। मौसम में बदलाव और तापमान में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है। शनिवार सुबह धूप खिलने से लोगों के पसीने छूटते रहे। दोपहर बाद बारिश होने लगी, इससे शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। वहीं वायरल वीडियो में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद गोल मार्केट में जलभराव के बीच लोग तख्त को नाव के रूप में प्रयोग करते दिखाई दिए।
पिछले दो दिनों से बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं जलभराव से लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। शुक्रवार की दोपहर को हापुड़ में हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के मुख्य बाजार गोल मार्केट में तीन फुट से अधिक जलभराव हुआ। बारिश के बाद दुकानों में नाले का पानी घुस गया। दुकानों तक पहुंचने के लिए लोगों ने तमाम प्रकार के उपाय किए। अब एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, इसमें लोग लकड़ी के तख्त को नाव बनाकर इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, शनिवार को हुई बारिश से गढ़ रोड पर फ्लाईओवर से ततारपुर की तरफ, भीमनगर, शिवनगर, सुभाष नगर, न्यू भीमनगर, साकेत और सर्वोदय कालोनी में जलभराव हो गया। शनिवार को अधिकतम तापमान सात डिग्री बढ़कर 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि अगले कुछ दिन मौसम में बदलाव जारी रहेगा।
बारिश के बाद गिरी दीवार, धंसा प्लेटफार्म - फोटो संख्या
शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश से हापुड़ के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के सहारे बनी दीवार भरभराकर गिर पड़ी, इससे करीब 10 मीटर से अधिक दूरी तक प्लेटफार्म भी धंस गया। कुछ माह पहले ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे सुंदरीकरण कार्य के दौरान प्लेटफार्म की मरम्मत कराई गई थी।