पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिखेड़ा में युवती का आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और फिर उसे ब्लैकमेल करने के मामले में आरोपी हाकमिन को पुलिस ने तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पहले से ही उक्त मामले में जमानत पर बाहर है। आरोपी बुधवार रात हथियार लेकर पीड़िता के परिजनों पर दबाव बनाने की नीयत से गांव में घूमता मिला।
बुधवार रात पुलिस सिखेड़ा बंबा के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान हाकमिन निवासी सिखेड़ा के रूप में हुई। तलाशी में उसकी जींस से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व एक युवती की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि हाकमिन ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर गांव में कई लोगों को भेज दिया और उसे ब्लैकमेल करने लगा। युवती के परिजनों का कहना है कि आरोपी के साथ कुछ अज्ञात लोग भी उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।