हापुड़। बदनौली की बी पैक्स समिति से डीएपी की कालाबाजारी के मामले में जांच के बाद समिति के संचालक अमित त्यागी पर गाज गिरी है। एआर कोऑपरेटिव ने जांच के बाद संचालक को हटा दिया है। इस मामले में किसान मुकदमा दर्ज कराने की मांग भी कर रहे हैं। दो दिन पहले अमर उजाला में प्रकरण को लेकर समाचार प्रकाशित हुआ था।
इस मामले में बृहस्पतिवार को वीडियो सामने आने के बाद किसानों ने हंगामा किया था। इसके बाद शुक्रवार को जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश और एआर कोऑपरेटिव प्रेमशंकर ने मामले में जांच करते हुए किसानों के बयान दर्ज किए थे। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच की गई है। जिला कृषि अधिकारी ने बदनौली समिति पहुंचकर पिछले एक सप्ताह का रिकार्ड भी तलब किया। किसानों से अभद्रता और डीएपी की कालाबाजारी सहित अन्य मामले सामने आने पर समिति के सचिव हिमांशु यादव ने संचालक अमित त्यागी को हटा दिया है। इसके स्थान पर अमरवीर को तैनात किया गया है। बता दें कि आलू बोआई के दौरान जिले में डीएपी की मांग काफी बढ़ गई है। समितियों पर डीएपी के लिए किसानों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
किसानों को घबराने की जरूरत नहीं
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले में 92 हजार कट्टा डीएपी और करीब डेढ़ लाख कट्टा यूरिया का स्टॉक है, जो समितियों पर भेजा जा रहा है। इसलिए किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
ये था मामला
तीन दिन पहले बदनौली समिति से रात के समय डीएपी बेचने का मामला सामने आया था। किसानों ने इस पर हंगामा करते हुए कालाबाजारी का आरोप लगाया। अवकाश के दिन समिति से डीएपी की बिक्री की गई।
प्रकरण में जांच की गई है। किसानों के बयान भी दर्ज हुए हैं। अभी तक की जांच के बाद समिति संचालक अमित त्यागी को हटा दिया गया है। आगे की जांच अभी जारी रहेगी।
-प्रेम शंकर, एआर कोऑपरेटिव