कोरोना के इलाज में कारगर साबित हो रहे रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। एक ऐसे ही मामला यूपी के हापुड़ से आया है। रेमडेसिविर इन्जेक्शनों को चोरी कर उसकी कालाबाजारी करने के आरोप में पिलखुआ पुलिस ने सोमवार को रामा मेडिकल कॉलेज व ट्रामा सेंटर के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 1 रेमडेसिविर इंजेक्शन और 82 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
वहीं एक अन्य मामले में दिल्ली पुलिस ने रेमडेसिविर की कालाबाजारी में सोमवार को ही तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही सात इंजेक्शन भी जब्त कर ली है। पुलिस ने बताया कि वे 70 हजार रुपये प्रति पीस के हिसाब से रेमेडिसविअर बेचते थे। ललित गुप्ता और अनुज जैन दरियागंज और चांदनी चौक में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। आकाश वर्मा का ज्वैलरी की दुकान है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच चल रही है।
उधर रविवार को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच सेल ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। हापुड़ निवासी आलोक त्यागी, गाजियाबाद निवासी अभिषेक और नोएडा निवासी सोमेल गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी एक रेमडेसिविर को 40 हजार रुपये में बेचते थे। उनके कब्जे से तीन रेमडेसिविर और एक लाख बीस हजार रुपये की नकदी बरामदगी हुई थी।
पुलिस के अनुसार तीनों कार में घूम रहे थे, उसे भी जब्त कर लिया गया। कार की तलाशी लेने पर 100 ऑक्सीमीटर और 48 छोटे ऑक्सीजन सिलेंडर भी मिले। उन्हें भी बरामद कर लिया। तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। आगे की जांच चल रही है।