हापुड़। ऑल इंडिया स्टेट पेंशनर्स एसोसिएशन के आह्वान पर बुधवार को आर्य समाज मंदिर में जिले के पेंशनर्स की बैठक हुई। इसमें 25 फरवरी को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित काला दिवस के माध्यम से विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए रणनीति बनाई गई।
जिलाध्यक्ष सुंदर कुमार आर्य ने बताया कि सरकार की पेंशनर्स विरोधी नीतियों के विरोध में दिल्ली में 25 फरवरी को देश के सभी पेंशनर्स संगठनों द्वारा काला दिवस मनाया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए जिले से 700 से अधिक पेंशनर्स ट्रेन, बस और अपने संसाधनों से रवाना होंगे। इस दौरान पेंशनर्स की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आए दिन पेंशनर्स की समस्याएं जिले में सामने आती हैं। अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कई समस्याओं का समाधान नहीं होता है। यहां तक कि पेंशनर्स के हितों की रक्षा के लिए भी जिले से पेंशनर्स प्रदर्शन में पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
इस दौरान वरिष्ठ पेंशनर मेजर मुखवीर सिंह, नरेंद्र कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से सभी को शॉल पहनाकर सम्मानित किया। बैठक में महासचिव विजय पाल आर्य, महेंद्र कुमार, डॉ. आशाराम शर्मा, दीनबंधु गर्ग, बीडी त्यागी, महेन्द्र सिंह, वेद प्रकाश, मनीराम, ॠषिराज त्यागी, प्रह्लाद कुमार, नरेंद्र कुमार शर्मा, डा. देवी शरण शर्मा, अनिल कुमार, राजेंद्र पांडे, ॠषिपाल सिंह, वीर सिंह, इस्लामुददीन, महेश कुमार आदि उपस्थित रहे।