गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के गांव दौताई निवासी मुशर्रफ ने कोतवाली में तहरीर दी है। जिसमें उल्लेख किया है कि वह और उनका बेटा लोहे का सामान बेचने की दुकान करते हैं। कुछ दिन पहले युवक उनकी दुकान पर पहुंचा, जिसने अपने आप को जनपद मुजफ्फरनगर में स्थित सरिया फैक्टरी का प्रबंधक बताया। आरोपी ने कम दाम पर अच्छा सरिया उपलब्ध करने का आश्वासन दिया। इसके लिए उसने कंपनी के बैंक खाते में भुगतान जमा कराने को कहा। वह आरोपी के झांसे में आ गए। इसके बाद उन्होंने करीब नौ लाख रुपये आरोपी के बताए हुए बैंक खाते में जमा करा दिए, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी सरिया उनकी दुकान पर नहीं पहुंचा। जानकारी करने पर मालूम हुआ कि उस नाम का कोई व्यक्ति फैक्टरी में प्रबंधक नहीं है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।