नगर पालिका के अधिकारियों की अनदेखी से मंगलवार को शहर के दो मोहल्ले के सैकड़ों लोग मुसीबत में पड़ गए। इन मोहल्लों में आए आवारा पागल कुत्ते ने स्कूली बच्चों के अलावा करीब 18 लोगों को काटकर लहूलुहान कर दिया, जिससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई।
सूचना नगर पालिका के अधिकारियों को दी गई लेकिन शाम तक पागल कुत्ते को पकड़ा नहीं आ सका था। नगर के जवाहरगंज और आर्यनगर मोहल्ले के बाहर टैक्सी स्टैंड पर काफी संख्या में मुसाफिर और चालक बैठे रहते हैं।
मंगलवार सुबह एक कुत्ते ने वहां से निकलने वाले स्कूली बच्चों पर हमला बोल दिया। जब आसपास के लोग दौड़े तो कुत्ते ने उनपर भी हमला बोलकर लहूलुहान कर दिया। उसी समय पास के गली से निकल रहे लोगों पर भी कुत्ते ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
कुत्ते ने हमला कर आर्यनगर निवासी ढाई साल का मासूम मीत, तीन साल का वंश, जवाहर गंज निवासी रंजीत सिंह, अनिल कुमार, घनश्याम उर्फ भोंदू, सोनी, राजेश, रिंकू, सुनील, पवन, अशोक सहित 18 लोगों को जख्मी कर दिया।
सूचना मोहल्ले के लोगों को मिली तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लाठी-डंडों से लैस होकर मोहल्ले के लोग कुत्ते की तलाश में निकल गए लेकिन उसका कुछ पता नहीं लग सका। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने नगर पालिका के अधिकारियों से इसकी शिकायत की।
पालिका के स्वास्थ्य विभाग की टीम भी कुत्ते की तलाश में लाव-लश्कर के साथ निकली। देर शाम तक कुत्ता नहीं पकड़ा जा सका था। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कुत्ते के हमले से लोगों में दहशत का माहौल है। मुख्य सफाई निरीक्षक दिलशाद हसन का कहना है कि कुत्ते को पकड़ने के लिए टीम लगा दी गई है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके सिंह का कहना है कि पागल कुत्ते के काटने से रैबीज जैसी जानलेवा बीमारी हो सकती है, जिससे पीड़ित की मौत भी हो सकती है। इसके लिए मरीज को 24 घंटे के अंदर उपचार मिलना जरूरी है।
सरकारी अस्पतालों में रैबीज की वैक्सीन उपलब्ध है। जिन लोगों को कुत्ता काटता है वे पहले तो घाव को डिटॉल आदि से धो लें और चिकित्सक से प्राथमिक उपचार करा लें। मरीज सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर इंजेक्शन लगवा सकते हैं।
इससे किसी प्रकार का खतरा नहीं रहेगा। फिर भी परिजन कुछ दिनों तक मरीज के व्यवहार पर खास ध्यान दें।
पागल कुत्ते के हमले के बाद कुछ लोगों ने नगर पालिका पहुंचकर कुत्ते को पकड़ने की मांग की। लोगों ने संबंधित अधिकारियों को मौखिक सूचना देकर समाधान की मांग की है।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा का कहना है कि कुत्ते ने पहली बार लोगों पर हमला किया है। वह पागल हो सकता है उसे पकड़ने के लिए कर्मचारियों को आदेशित कर दिया गया है।
जवाहरगंज मोहल्ले में कुत्ते के काटने के बाद लोग दहशत में हैं। जिन लोगों को कुत्ते ने अपना शिकार बनाया है। उनमें से अधिकतर संपन्न परिवारों से हैं। घटना के बाद अधिकतर प्राइवेट क्लीनिकों में अपना इलाज करा रहे हैं। हालांकि कुछ लोग बुधवार सुबह जरूर सीएचसी पर वैक्सीनेशन के लिए पहुंच सकते हैं।