फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: युवक ने बाइक सवार बदमाशों पर लगाया गोली मारने का आरोप

Mon, 08 Dec 2025 10:32 PM IST
गाजियाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हापुड़
विज्ञापन
विज्ञापन
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव दौताई निवासी युवक ने बाइक सवार युवकों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। युवक उसकी दुकान पर सिगरेट लेने पहुंचे थे। रविवार की रात निजी अस्पताल के चिकित्सकों ने युवक को मामूली रूप से घायल समझकर मरहम-पट्टी करके घर भेज दिया था। सोमवार को एक्सरे कराने पर उसमें गोली गर्दन के पास अटकी दिखाई दी। इसके बाद युवक को मेरठ मेडिकल में उपचार के लिए भेजा गया है। वहीं, पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है।
विज्ञापन

गांव निवासी तनिष्का ने बताया कि वह अपने पति दुष्यंत के साथ गांव के बाहर गढ़-मेरठ मार्ग पर भट्ठे के पास रहती है। रविवार की देर शाम उसके पति दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक दुकान पर पहुंचे। जिन्होंने दुष्यंत से सिगरेट मांगी। महिला का कहना है कि उनके पति युवकों को सिगरेट देने लगे। इसी बीच एक युवक ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह बेहोश होकर गिर गए। आवाज सुनकर वह घर से दुकान पर पहुंची तो पति जमीन पर गिरे हुए थे। किसी तरह वह उन्हें लेकर स्थानीय चिकित्सक के यहां पहुंची। वहां चिकित्सक को गोली लगने का कोई निशान नहीं दिखा। चिकित्सक ने नशे की हालत में गिरने से घायल समझकर मरहम पट्टी करके घर भेज दिया।
सुबह सूजन बढ़ने पर कराया एक्सरे
पीड़िता का कहना है कि सोमवार की सुबह पति के चेहरा काफी हद तक सूज गया और दर्द भी बढ़ गया। वह उन्हें निजी एक्सरे क्लीनिक पर लेकर पहुंची और एक्सरे कराया। एक्सरे में गोली जबड़े के पास से होते हुए गर्दन की हड्डी पर अटकी दिखाई दी। जानकारी मिलने पर परिजन भी एक्सरे क्लीनिक पर पहुंच गए। उसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
विज्ञापन

पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया, चिकित्सकों ने मेरठ रेफर किया
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने युवक को तुरंत ही सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। जहां युवक का उपचार कराया जा रहा है।
कोट -
प्रथमदृष्टया जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मेरठ मेडिकल में कराए गए युवक के सीटी स्कैन के बाद चिकित्सकों ने गोली के निशान की बात तो की है, लेकिन ऑपरेशन करने के बाद ही गोली फंसे होने की पुष्टि हो सकेगी। कई बिंदुओं को ध्यान में रख कर मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।- स्तुति सिंह, सीओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें