गढ़मुक्तेश्वर। स्याना मार्ग पर हथियारबंद बदमाश युवक को आतंकित कर बाइक छीन कर भाग गए। युवक के रिश्तेदार ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जनपद बुलंदशहर के नरसैना थाना क्षेत्र के गांव बुकलाना निवासी कपिल देव भाटी ने कोतवाली में तहरीर दी है। जिन्होंने बताया कि वह मंगलवार को किसी काम से बाहर गए थे। जहां से लौटने के दौरान बस ने उन्हें गढ़ क्षेत्र में स्याना चौराहे पर उतार दिया। जिस कारण उन्होंने रात करीब दस बजे बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सालारपुर निवासी अपने भांजे अंकित चौहान को कॉल कर उन्हें वहां से ले जाने के लिए कहा। बताया कि उन्हें लेने के लिए आ रहे अंकित को स्याना मार्ग पर दादू फार्म के पास हथियारबंद और बाइक सवार तीन बदमाशों ने रोक लिया। आरोपी उनके भांजे की बाइक छीन कर वहां से भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद भांजा पैदल उनके पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश कराई जा रही है।