पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के हावल गांव में बाइक सवार हुड़दंगियों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। आरोप है कि पांच दोपहिया वाहनों पर सवार एक दर्जन लोग गांव में घुसकर खुलेआम गालियां देते हैं और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। इस हरकत से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार यह हुड़दंगी रात में किसी भी समय लगभग हर रोज घुसते हैं, गालियां देते और शोर करते हुए तेज रफ्तार में बाइक दौ़ड़ाते हैं। इनकी हरकतों से गांव के लोग भयभीत हैं और महिलाएं व बुजुर्ग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। हुड़दंगियों की यह करतूत गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यह लोग जानबूझकर गांव का माहौल खराब करने की नीयत से आ रहे हैं। ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत की है और मांग की है कि वीडियो के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान कर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि वीडियो के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।